मिशन ऑलआउट के तहत इस साल जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ जारी मिशन में सुरक्षाबलों ने सेंचुरी मारी है। सुरक्षाबलों ने इस साल के बीते छह महीनों में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 आतंकियों को ढेर किया है। गृह राज्य मंत्री हंसराज गंगाराम अहीर ने प्रभात झा के एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि इस साल 8 जुलाई तक जम्मू कश्मीर में 100 आतंकवादी मारे गए हैं।
टेरर फंडिंग पर भी सुरक्षाबलों ने कसा शिकंजा
टेरर फंडिंग के लिए आतंकी युवाओं को ड्रग्स बेचकर अपनी फंडिंग का रास्ता निकाल रहे थे। जिसपर नकेल कसते हुए बीते दिनों पुलिस ने जम्मू के नरवाल चौक से 50 किलो हेरोइन के साथ ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया था। इस हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 250 करोड़ आंकी गई थी।
अफगानिस्तान से पाक अधिकृत कश्मीर और उसके बाद कश्मीर में हेरोइन पहुंचने के पीछे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में भी पुलिस जुटी हुई है। पंजाब में चिट्टे को लेकर पहले से ही गंभीरता जताई जा रही है। पंजाब में सबसे अधिक इसकी खपत होती है। पुलिस इस संभावनाओं से भी इंकार नहीं कर रही है कि पाक प्रायोजित आतंकवाद के बाद पंजाब में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए साजिश तैयारी की जा रही है।
दक्षिणी कश्मीर के तीन जिलों कुलगाम, अनंतनाग व पुलवामा से आतंकियों ने गुरुवार से अब तक पुलिसकर्मियों के 11 परिजनों का अपहरण किया है। इनमें एक डीएसपी व एक एसएचओ का भाई है। पिछले 48 घंटे में पुलिसकर्मियों के परिवार वालों के अपहरण होने के बाद पूरी घाटी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। डीजीपी डॉ. एसपी वैद का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। आतंकियों ने पहले भी धमकी दी थी कि यदि उनके परिवार वालों के साथ ज्यादती की गई तो सुरक्षाबलों के परिवार भी सुरक्षित नहीं रह पाएंगे।
गुरुवार को आतंकी रियाज नायकू के पिता को पूछताछ के लिए उठाए जाने, दो आतंकियों के घर जलाए जाने और आतंकी सैयद सलाहुदीन के दूसरे बेटे को एनआईए की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद अपहरण की घटनाएं सामने आई हैं। माना जा रहा है कि परिवार वालों के साथ सुरक्षाबलों की ओर से सख्ती किए जाने पर बौखलाए आतंकियों ने अपहरण की वारदातों को अंजाम दिया। गुरुवार को पहले तीन पुलिसकर्मियों के परिजनों के अपहरण की बात सामने आई। फिर यह संख्या बढ़कर पांच हुई और देर रात तक नौ हो गई थी। शुक्रवार सुबह फिर से दो और लोगों के अपहरण की खबर आई, जिनका अपहरण हुआ है।