जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने नवाकदल श्रीनगर में सीआरपीएफ बंकर बरारीपुरा पर एक ग्रेनेड फेंका। गनीमत यह रही कि इस ग्रेनेड में विस्फोट नहीं हुआ, जिसके बाद अब पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुला लिया गया है।
गौरतलब है कि श्रीनगर के डाउनटाउन के सराफ कदल इलाके में 20 अगस्त शाम को आतंकियों ने संयुक्त नाका पार्टी पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। इसमें दो पुलिसकर्मी और एक नागरिक घायल हो गए। हमले के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कड़ी करने के बाद हमलावरों की तलाश की गई।
सूत्रों के अनुसार, आतंकियों ने सीआरपीएफ की 23 बटालियन और पुलिस की संयुक्त नाका पार्टी पर ग्रेनेड फेंका। हमले में घायल हुए पुलिस कर्मियों की पहचान जावेद अहमद और अब्दुल मजीद भट के तौर पर हुई है।
जावेद के दाहिने पैर में चोट आई है जबकि मजीद के सीने में चोट आई है। जबकि घायल नागरिक की शिनाख्त फयाज अहमद मट्टू के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: हल्की बूंदाबांदी से गर्मी में राहत, 21 अगस्त को भी कुछ हिस्सों में पानी बरसने के आसार
वहीं दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में भाजपा के विधानसभा प्रभारी की हत्या के एक दिन बाद वीरवार शाम को भी अपनी पार्टी के जोन अध्यक्ष गुलाम हसन लोन की आतंकियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। बताते हैं कि उन्होंने चार महीने पीडीपी से नाता तोड़कर अपनी पार्टी की सदस्यता ली थी।
घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। कुलगाम में लगातार राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने से दहशत है। पुलिस के अनुसार, जिले के देवसर में आतंकी अपनी पार्टी के नेता गुलाम हसन लोन के घर पहुंचे। उन्होंने गुलाम को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इसमें वह लहुलूहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आतंकी मौके से भाग निकले।
गंभीर रूप से घायल अपनी पार्टी नेता को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया।