इन वाहनों से जवान सीमा से लगे इलाकों में आसानी से आ-जा सकेंगे
- फोटो : PTI
भारत-चीन सीमा पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को ऑपरेशनल गतिविधियों के लिए एसयूवी दी गई हैं। ऊंचाई पर तैनात इन जवानों के पास अभी तक ऐसी उच्च क्षमता वाले वाहन नहीं थे। इन वाहनों से जवान सीमा से लगे इलाकों में आसानी से आ-जा सकेंगे।
जवानों को चार सफेद रंग की स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) दी गई हैं जिनमें 25-25 लाख की दो टोयोटा-फॉर्च्यूनर और दो फोर्ड एंडेवर हैं। इन गाड़ियों को लद्दाख क्षेत्र में समुद्र तल से 13,000 फीट की ऊंचाई पर बुर्तसे व दुंगती चौकियों और अरुणाचल प्रदेश के 6,000 फीट पर में चुका चौकी में तैनात किया गया है।
आईटीबीपी हेडक्वार्टर ने सूचना जारी कर कहा है कि इन गाड़ियों का इस्तेमाल सिर्फ ऑपरेशनल गतिविधियों के लिए करें। अभी तक ऊंचाई पर तैनात किसी भी अन्य सुरक्षा दल या सैन्य जवान को एसयूवी नहीं मिली हैं।
आईटीबीपी के महानिदेशक कृष्णा चौधरी ने कहा कि हमारे पास कई वाहन हैं जिनमें ‘फोर व्हील ड्राइव’ क्षमता वाले वाहन भी हैं मगर हमें ऐसे उच्च क्षमता वाले वाहनों की जरूरत थी जो पहाड़ी क्षेत्रों में आसानी से चलाई जा सकें।
ये जवान 3,488 किमी लम्बे भारत-चीन सीमा पर तैनात हैं। ये जवान दुर्गम परिस्थितियों वाले स्थान 9,000 फीट से 18,000 फीट की ऊंचाई पर तैनात हैं जहां कि तापमान अक्सर शून्य से काफी नीचे चला जाता है।