जम्मू-कश्मीर में तैयार हो चुका 19 हजार किमी से अधिक लंबा सड़क नेटवर्क : शिवराज
दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को श्रीनगर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 2000 से अब तक पीएमजीएसवाई के तहत प्रदेश में 3,328 सड़कों का निर्माण हुआ है। इससे 19,851 किलोमीटर लंबा सड़क नेटवर्क तैयार हुआ है। 257 पुल भी बनाए गए हैं। मंगलवार को योजना का फेज-टू शुरू हो रहा है जिससे 363 बस्तियों को सीधा लाभ मिलेगा। चौहान ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जमीनी स्तर पर विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। दूरदराज के गांवों तक सड़क और सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य है।24 राज्यों व यूटी के लिए 4,568 करोड़ का फंड भी जारी होगा
चौहान ने कहा, डीएवाई-एनआरएलएम के तहत भी फंड जारी किया जाएगा। इसके तहत देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 4,568.23 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और लखपति दीदी योजना को बढ़ावा देना है। चौहान ने कहा, जम्मू कश्मीर में इस समय करीब 96 हजार स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। इसके अलावा 7500 गांव संगठन और 650 क्लस्टर स्तर की संस्थाएं काम कर रही हैं। ये संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही हैं। यह दौरा सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है। इसमें ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और रोजगार के नए अवसरों पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर का विकास केंद्र सरकार की प्राथमिकता में है।