रावलपिंडी में छिपा है सज्जाद गुल
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लश्कर-ए-ताइबा के मुखौटा संगठन टीआरएफ का कमांडर सज्जाद गुल पाकिस्तान के रावलपिंडी के छावनी शहर में छिपा है। कश्मीर में हुए कई आतंकी हमलों में उसका सीधा हाथ है। वह इन हमलों का मास्टरमाइंड है।
इस साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले, 2020 से 2024 के बीच मध्य कश्मीर और दक्षिण कश्मीर में टारगेट किलिंग, 2023 में मध्य कश्मीर में ग्रेनेड हमले, अनंतनाग के बिजबिहाड़ा में पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर हमला, गांदरबल के गगनगीर में जेड मोड़ सुरंग में लगे श्रमिकों पर आतंकी हमले का षड्यंत्र उसी ने रचा था। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।जून 2018 में श्रीनगर के प्रेस एन्क्लेव में वरिष्ठ पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या में भी सज्जाद गुल का हाथ था।
कई मामले हैं दर्ज :
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुल के खिलाफ पारिमपोरा पुलिस थाने में यूएपीए की धारा 13, 38, 20 और ईआईएमसीओ अधिनियम की धारा 2/3 के तहत एफआईआर दर्ज है। यूएपीए की धारा 25 के तहत अधिकारी आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की गई या इस्तेमाल की जाने वाली संपत्तियों को कुर्क कर सकते हैं।