कोरोना काल में दो नवंबर से स्कूल खोले जाने के लिए जीआईसी श्रीनगर में आयोजित बैठक में प्रधानाचार्य ने अध्यापकों और कर्मचारियों को सतर्कता और सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही अध्यापकों को अभिभावकों से सहमति पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए है।
मंगलवार को आयोजित बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य एसएस मेहरा ने अध्यापकों और कर्मचारियों को विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देशों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य ंने कहा कि दो नवंबर से विद्यालय में पठन पाठन शुरू हो जाएगा। इसके लिए विद्यालय आने वाले छात्रों को अपने अभिभावकों के सहमति पत्र को कक्षा अध्यापक के पास जमा करने पर ही प्रवेश करने दिया जाएगा। इस मौके पर विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए साढ़े सात लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर अध्यापकों और कर्मचारियों ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह का आभार व्यक्त किया। बैठक में पीटीए अध्यक्ष अंजना, एसएमसी अध्यक्ष सुनीता, जगदीश प्रसाद चौकियाल, ओपी बहुगुणा व राधेश्याम मौजूद थे।