- बारूदी हवाओं के बीच मनाया रोशनी का त्योहार, भारत माता की जय के जयकारे गूंजे
अमृतपाल सिंह बाली
बारामुला (उड़ी सेक्टर)। जब पूरा देश घरों में रंग-बिरंगी रोशनियों, आतिशबाजी और परिजन के साथ दिवाली के जश्न में डूबा होता है, तब सरहद पर तैनात भारत मां के वीर सपूत मुस्तैदी से अपनी बंदूकों का रुख दुश्मन की ओर साधे पहरा दे रहे होते हैं। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे उड़ी सेक्टर की अग्रिम चौकियों पर तैनात सेना के जांबाजों ने भी इसी जज्बे के साथ दिवाली का पावन पर्व मनाया।
बर्फानी हवाओं और हर पल मंडराते खतरे के साए के बीच जवानों ने दीप प्रज्वलित किए, मिठाइयां बांटी और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ यह संदेश दिया कि बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व हर सरहद से बड़ा है। उड़ी सेक्टर की यह अग्रिम चौकियां सामरिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील मानी जाती हैं। यहां तैनात जवानों के लिए चुनौतियां आम दिनों जैसी नहीं होतीं। सामने पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) की पहाड़ियों पर तैनात दुश्मन के स्नाइपर्स की रेंज में होने के कारण यहां हर सेकंड जिंदगी और मौत के बीच का फासला बेहद कम होता है। एक छोटी सी चूक भी भारी पड़ सकती है। इसके बावजूद इन वीर जवानों के चेहरे पर न तो कोई शिकन दिखी और न ही हौसले में कोई कमी। बंकरों और अग्रिम मोर्चों पर तैनात जवानों ने अपने साथी जवानों और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ मिलकर रोशनी के इस पर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
दिवाली के पावन अवसर पर जवानों ने सबसे पहले सीमांत चौकी पर बने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और देश की सुख, समृद्धि व सुरक्षा की प्रार्थना की। इसके बाद मोमबत्तियां और मिट्टी के दीये जलाकर बंकरों और रक्षा प्राचीरों को रोशन किया गया। जवानों ने एक-दूसरे को गले लगाकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं और मुंह मीठा कराया। इस दौरान अग्रिम मोर्चों की खामोश वादियां भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनचुंबी नारों से गूंज उठीं। जवानों का कहना था कि रोशनी का यह पर्व केवल अंधकार को दूर करने का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हर परिस्थिति में सच्चाई, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
परिवार से हजारों किलोमीटर दूर ऊंचे दुर्गम पहाड़ों के बीच तैनात इन जवानों के लिए उनके साथी ही उनका परिवार बन जाते हैं। चाहे दिवाली हो, ईद हो या फिर बैसाखी, यहां हर त्योहार एक साथ मिलकर मनाया जाता है। देश के कोने-कोने से आए विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के जवान जब एलओसी पर एक साथ मिलकर थाली से मिठाई उठाते हैं, तो वहां भारत की विविधता में एकता की सबसे मजबूत तस्वीर उभरती है।
मोर्चे पर तैनात एक जवान ने अपने भाव साझा करते हुए कहा, घर और परिवार की याद त्योहारों पर स्वाभाविक रूप से आती है। मां के हाथ की मिठाई और आंगन की रंगोली याद आती है लेकिन जब हम सोचते हैं कि हमारे यहां जागने की वजह से ही सवा सौ करोड़ देशवासी और हमारा अपना परिवार बेखौफ होकर दिवाली मना रहा है, तो सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। यहां सीमा पर हमारी यूनिट और हमारे साथी जवान ही हमारा परिवार हैं। हम सब मिलकर हर त्योहार इसी तरह पूरे उल्लास से मनाते हैं।
वहीं, बंकर में सतर्कता के साथ तैनात एक अन्य जवान ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, हम देशवासियों को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि जब तक सीमा पर सेना का एक भी जवान मुस्तैद है, कोई भी दुश्मन देश की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता। आप सभी अपने घरों में बिना किसी डर के खुशियों के दीप जलाएं। हमारी दिवाली तो इसी मिट्टी की हिफाजत में पूरी हो जाती है। देशवासियों की सलामती ही हमारा सबसे बड़ा त्योहार है।
इस मौके पर अग्रिम चौकी पर मौजूद एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण रेखा पर हालात कभी भी सामान्य नहीं होते, तनाव लगातार बना रहता है लेकिन सेना का मनोबल हमेशा सातवें आसमान पर रहता है। इसके बावजूद हम सब एक परिवार की तरह हर पर्व को आपस में साझा करते हैं और खुशियों के कुछ पल तलाश ही लेते हैं। हमारी पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता हर हाल में एलओसी की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना है, चाहे मौसम कितना भी प्रतिकूल हो या हालात कितने भी कठिन। हमारे बहादुर जवान हर परिस्थिति का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए चौबीसों घंटे पूरी तरह तैयार हैं।
सेना के लिए राष्ट्र रक्षा ही सर्वोच्च धर्म
दिवाली की इस पावन शाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सेना के लिए राष्ट्र रक्षा ही सर्वोच्च धर्म है। उड़ी की पहाड़ियों पर जलते ये चंद दीये केवल बंकरों को ही रोशन नहीं कर रहे थे, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के उस भरोसे को भी प्रज्वलित कर रहे थे जिसके दम पर पूरा देश चैन की नींद सोता है। सीमा पार से आती सर्द हवाओं के बीच इन जांबाजों का अदम्य साहस यह पैगाम दे रहा था कि देश की सरहदें पूरी तरह महफूज हाथों में हैं।