- डैगर डिवीजन की रुस्तम बटालियन ने सजाया मंच, सरहदी गांवों के लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। नियंत्रण रेखा के करीब बसे उड़ी सेक्टर के नांबला गांव में शनिवार को सेना और स्थानीय अवाम के बीच अटूट रिश्ते, सांप्रदायिक सौहार्द और साझा उत्सव का अनूठा दृश्य देखने को मिला। पीर पंजाल ब्रिगेड (डैगर डिवीजन) के तत्वावधान में सेना की रुस्तम बटालियन की ओर से आयोजित भव्य दिवाली मेले में सीमावर्ती और दूरदराज के गांवों से पहुंचे 568 से अधिक नागरिकों ने जवानों के साथ मिलकर दीपोत्सव का उल्लास साझा किया।
इस विशेष आयोजन में विभिन्न समुदायों, धर्मों और सामाजिक पृष्ठभूमि के लोगों ने पूरे उत्साह से भाग लिया, जो उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में सेना और स्थानीय जनता के बीच विश्वास, आदर और सद्भावना की गहरी नींव को दर्शाता है।
सीमांत ग्रामीणों के मनोरंजन और भागीदारी के लिए मेले में कई तरह की खेल प्रतियोगिताएं, मनोरंजक खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष त्योहारी स्टॉल सजाए गए थे, जबकि लकी ड्रॉ प्रतियोगिता ने युवाओं और बच्चों में खासा रोमांच पैदा किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों से लेकर महिलाओं और बच्चों तक पूरे परिवार शामिल हुए जिससे उत्सव का माहौल उमंग और खुशी से भर गया। इस मौके पर ब्रिगेडियर आशीष कौशल (वीएसएम) विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने जवानों और ग्रामीणों के उत्साह को दोगुना कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक दीये जलाकर बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का उत्सव मनाया गया। सीमावर्ती ग्रामीणों और सैन्य अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि त्योहार सभी धार्मिक और सामाजिक सीमाओं से परे होते हैं और लोगों को एक सूत्र में पिरोते हैं।
इस मेले ने जवानों और स्थानीय लोगों को एक-दूसरे के साथ बैठकर खुशियां बांटने और आपसी जुड़ाव को और गहरा करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। मेले का समापन सभी प्रतिभागियों के चेहरों पर मुस्कान और एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ। भारतीय सेना ने दोहराया कि वह सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और जनकल्याण के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।