श्रीनगर। डल झील के किनारे जबरवान की पहाड़ियों के दामन में स्थित बॉटनिकल गार्डन में मंगलवार को कनेक्ट विद नेचर थीम पर स्प्रिंग आर्ट फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा सेवा एवं खेल निदेशालय की ओर से किया गया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और युवाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर फ्लोरीकल्चर कश्मीर की निदेशक मथूरा मासूम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया। स्कूली बच्चों ने नृत्य, कश्मीरी और पहाड़ी गीतों की प्रस्तुति दी। योग, मटका रेस, मार्शल आर्ट्स सहित कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इस मौके पर निदेशक मासूम ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को खेलकूद, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।