अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम स्थित अति संवेदनशील ग्लेशियर झील शेषनाग के किनारे भारी जेसीबी मशीनों से हो रही खोदाई का मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है। इसे लेकर महबूबा मुफ्ती , मियां अल्ताफ, एमवाई तारिगामी, रुहुल्ला और मीरवाइज ने मोर्चा खोल दिया है। वायरल वीडियो को लेकर सोमवार को कश्मीर के प्रमुख नेताओं ने सरकार को घेरते हुए नाजुक हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र से छेड़छाड़ रोकने की मांग की।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने आशंका जताई कि बेतहाशा निर्माण कार्यों से कश्मीर भी दूसरा उत्तराखंड बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार खुद चिनार और सदियों पुराने अखरोट के पेड़ कटवा रही है। उत्तराखंड की चार धाम सड़क परियोजनाओं से आई आपदाओं और नेपाल की हालिया त्रासदी का हवाला देते हुए महबूबा ने कहा कि यदि जवाहरलाल नेहरू ने बांध न बनवाया होता, तो नेपाल का पानी बिहार को डुबो देता। हालांकि, उन्होंने राजनीतिक ध्रुवीकरण की मजबूरी जताते हुए कहा कि शेषनाग पर बोलने पर उन्हें अमरनाथ यात्रा विरोधी बता दिया जाएगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ ने कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो अभी नहीं देखा है, लेकिन कश्मीर की झीलों, दरियाओं और जंगलों को हर हाल में बचाया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि कश्मीर का पर्यटन, पर्यावरण और सभी की सेहत इन्हीं प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर है।
माकपा नेता एमवाई तारिगामी ने इसे तबाही को खुला निमंत्रण बताया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की 14 अति-संवेदनशील ग्लेशियर झीलों में शामिल शेषनाग ढीले मलबे से घिरी है। अगस्त में नेपाल के लांगटांग, 2023 की सिक्किम और 2013 की केदारनाथ आपदा की याद दिलाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि इसका खामियाजा पहलगाम, लिद्दर घाटी और दक्षिण कश्मीर को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने काम रोककर परियोजना का ब्योरा सार्वजनिक करने और विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की।
नेकां के पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी के कार्यालय ने एक्स पर भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए लिखा, आस्था के नाम पर वोट जीतने वाली पार्टी अब पवित्र झील तक जेसीबी ले जा रही है। पहले अमरनाथ गुफा तक सड़कें पहुंचाईं और अब उच्च जोखिम वाली झील में खुदाई हो रही है। नेपाल त्रासदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिमालय को कंस्ट्रक्शन साइट बनाना बंद हो, कश्मीर के पहाड़ भाजपा की रियल एस्टेट नहीं हैं।
मीरवाइज उमर फारूक ने एक्स पर कहा कि कश्मीर ने हमेशा अमरनाथ यात्रियों का स्वागत किया है, लेकिन सुविधाओं का विस्तार नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र की कीमत पर नहीं होना चाहिए। नेपाल की बाढ़ का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पहाड़ों और ग्लेशियरों को लूट नहीं, संरक्षण की जरूरत है, इसलिए सरकार जवाब दे और काम तुरंत रोके।
मोहम्मद यूसुफ तारिगामी। संवाद