श्रीनगर। शब-ए-मेराज और उसके बाद आने वाले शुक्रवार के अवसर को देखते हुए डिवीजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने मंगलवार को उपायुक्तों और वरिष्ठ डिवीजनल अधिकारियों की बैठक बुलाई। बैठक में घाटी भर के प्रमुख दरगाहों और मस्जिदों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।
बैठक के दौरान डिवीजनल कमिश्नर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्बाध बिजली और जल आपूर्ति, मेडिकल कैंपों की स्थापना, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, पर्याप्त परिवहन और पार्किंग सुविधाएं, प्रभावी यातायात प्रबंधन, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वच्छता और अग्नि सुरक्षा उपायों सहित सभी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने हजरतबल स्थित आसार-ए-शरीफ, कलाशपोरा आसार-ए-शरीफ, जनाब साहिब सौरा, जियारत शरीफ काबामार्ग, जियारत शरीफ खिर्रम (अनंतनाग), जियारत शरीफ मखामा (बडगाम) और जियारत आहम-ए-शरीफ (बांदीपोरा) जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष व्यवस्थाओं पर जोर दिया। संवाद