डल किनारे बुलेवर्ड रोड पर इकतरफा लगा जाम। अमर उजाला
- एसएसपी ट्रैफिक ने संभाली कमान, दूसरी लेन के यातायात को गुपकार रोड से निकलवाया
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। ट्यूलिप गार्डन में रविवार को काफी संख्या में पर्यटक उमड़े, वहीं एसकेआईसीसी में युवा संसद लगाई गई थी। इसी मार्ग पर साइकिल रैली का भी आयोजन किया गया था। इससे बुलेवर्ड रोड पर वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई। दोपहर को तो डल झील के गेट नंबर दो से एसकेआईसीसी तक बाईं लेन में जाम लग गया। इससे निपटने के लिए एसएसपी ट्रैफिक श्रीनगर भट एजाज ने कमान संभाली और दूसरी लेन का यातायात गुपकार रोड से निकाला।
श्रीनगर के मशहूर इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन में आज पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली, इतनी बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के वाहनों से यातायात काफी धीमा हो गया। पुलिस ने पर्यटकों और लोगों की सुविधा के लिए एसकेआईसीसी से डल गेट की ओर आने वाले वाहनों को गुपकार मार्ग की ओर से निकाला।
एसएसपी ट्रैफिक श्रीनगर भट एजाज ने कहा कि विभाग ने पहले ही इस भीड़ का अनुमान लगा लिया था। हमने पर्यटकों की भारी आमद को ध्यान में रखते हुए एक उचित योजना बनाई थी। हमारी टीमें सभी महत्वपूर्ण जगहों पर तैनात थीं, और हमने सड़कों पर सीमित जगह और पार्किंग की चुनौतियों के बावजूद ट्रैफिक की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित की।