श्रीनगर में रन फॉर यूनिटी में शामिल लोग। संवाद
- राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़े युवा और छात्र, एसकेआईसीसी से बॉटनिकल गार्डन तक हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के उपलक्ष्य में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) से रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
''एक भारत, श्रेष्ठ भारत'' की भावना को बढ़ावा देने तथा देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ में विद्यार्थियों, युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई जिसमें सभी ने देश की आंतरिक एकता, संप्रभुता और सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने का संकल्प दोहराया।
यह एकता दौड़ डल झील के किनारे एसकेआईसीसी से शुरू होकर श्रीनगर के बॉटनिकल गार्डन पर संपन्न हुई। देश के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल के अमूल्य योगदान और दूरदर्शिता को नमन करने के लिए हर वर्ष 31 अक्तूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।