- कुलगाम पुलिस जिले और उसके बाहर चल रहे तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध : एसएसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जम्मू संभाग में 92.73 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क की गई। यह कार्रवाई कुलगाम पुलिस ने अंजाम दी। यह ऑपरेशन एसएसपी अनायत अली चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू के बेली चराना में आरोपी से जुड़ी 92.73 लाख की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति कुर्क की गई। 20 मार्च, 2026 को काजीगुंड थाना के पास कुरिगाम में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। उसकी पहचान श्रीनगर के पंजिनारा निवासी मोहम्मद रफीक मीर के रूप में हुई। तलाशी में उससे लगभग 16 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह हेरोइन उसने जम्मू के चन्नोर बस्ती गजनसू निवासी बाग हुसैन कसाना से खरीदी थी जो वर्तमान में जम्मू के निक्की तवी इलाके में रह रहा है। पुलिस ने न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया और उक्त व्यक्ति के आवास पर छापा मारा। वहां से लगभग 265 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी बाग हुसैन कसाना को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर पदार्थों की तस्करी में शामिल था। आर्थिक लाभ के लिए कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि वह लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। आरोपी वर्तमान में जिला जेल अनंतनाग में बंद है। एसएचओ काजीगुंड मानव धनेतिया ने विस्तृत वित्तीय जांच की। यह जांच मंसूर अयाज (एसडीपीओ काजीगुंड) और मुमताज अली भट्टी (अतिरिक्त एसपी - हाईवे, काजीगुंड) की देखरेख में की गई। परिणामस्वरूप जम्मू के बेली चराना में तस्करी से अर्जित संपत्ति की पहचान की गई और उसे कुर्क कर लिया गया।
जांच के दौरान साबित हो गया कि आरोपी ने तस्करी से मिले पैसों से संपत्ति बनाई। इसमें लगभग 71.52 लाख की जमीन और लगभग 21.21 लाख का मकान शामिल है।
एसएसपी कुलगाम अनायत अली चौधरी ने कहा कि पुलिस जिले और उसके बाहर चल रहे नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम जनता, खासकर युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें।