-हम बुराई के खिलाफ इस युद्ध में ईरान की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं : महबूबा मुफ्ती
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को दिल्ली में ईरानी प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनके समक्ष कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित घर वापसी का मुद्दा उठाया।
मुफ्ती ने एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा, इस मुश्किल समय में ईरान के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं जाहिर करने और अयातुल्ला अली खामनेई की मौत पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए दिल्ली में ईरानी कल्चरल सेंटर और एम्बेसी का दौरा किया। राजदूत के समक्ष ईरान में फंसे कश्मीरी छात्रों का मुद्दा भी उठाया।
इस मुलाकात के पत्रकारों से बात करते हुए मुफ्ती ने कहा कि ईरान के जिन लोगों ने अपनों को खो दिया है और सर्वोच्च नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए मैं आज यहां आई हूं। ईरान के लोगों को भरोसा दिलाती हूं कि कश्मीर के लोग उनके साथ हैं और एकजुटता में खड़े हैं। हम बुराई के खिलाफ इस युद्ध में ईरान की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल्स में जिनका भी जिक्र किया गया है, वे इस समय नेतन्याहू के साथ खड़े हैं। चाहे यह मजबूरी में हो या उनकी मर्जी से। वह ईरान के खिलाफ हैं और इस्राइल के साथ खड़े हैं। मैं यहां ईरान के लोगों को उनकी हिम्मत के लिए सलाम करने आई हूं।