संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान 250 ग्राम चरस पाउडर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि मट्टन क्षेत्र में टीम ने केहरीबल रोड स्थित हंगुल रेस्टोरेंट के पास एक संदिग्ध को रोका। उसकी पहचान मोहम्मद अब्बास रेशी निवासी केहरीबल के रूप में हुई।
ड्रग माफिया पर शिकंजा तेज, चिन्हित ठिकानों पर नार्को रेड
अनंतनाग। जिले से नशा तस्करी के खतरे को पूरी तरह खत्म करने के लिए अनंतनाग पुलिस ने आज कई चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर सघन नार्को रेड अभियान चलाया। ये स्थान पुराने और सक्रिय ड्रग तस्करों की गतिविधियों के संबंध में मिली विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर चिन्हित किए गए थे।
अभियान के दौरान पुलिस की कई टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर गहन तलाशी ली। साथ ही ज्ञात अपराधियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई भी शुरू की गई, ताकि उनकी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान को और प्रभावी बनाने तथा छिपे हुए मादक पदार्थों का पता लगाने के लिए नार्को के9 यूनिट्स की विशेष सेवाएं भी तैनात की गईं।
इसके अलावा, संदिग्ध नशा तस्करों की चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत सर्वे भी किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य फंडिंग के स्रोत का पता लगाना और नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान करना है, जिन्हें कानून के तहत जब्त किया जा सकता है।