अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से अपील की कि जेल में बंद सांसद इंजीनियर रशीद को उनके बीमार पिता की देखभाल के लिए रिहा किया जाए।
यह अपील उनके पिता खजर मोहम्मद शेख की गंभीर मेडिकल हालत को देखते हुए की गई है जिनका इस समय श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में गहन इलाज चल रहा है। डॉ. फारूक ने इस बात पर जोर दिया है कि मौजूदा हालात में संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल और सहानुभूतिपूर्ण विचार किए जाने की जरूरत है। इंजीनियर रशरद के पिता की नाजुक सेहत पर गहरी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि सांसद को उनके पिता के पास रहने की अनुमति देना एक मानवीय और न्यायसंगत कदम होगा जो गरिमा और सहानुभूति के सिद्धांतों के अनुरूप है।
अब्दुल्ला ने संबंधित अधिकारियों से आगे आग्रह किया कि वे एक विचारशील और उदार दृष्टिकोण अपनाएं यह देखते हुए कि मानवीय विचारों पर आधारित निर्णय न्याय और नैतिक जिम्मेदारी के सर्वोच्च आदर्शों को बनाए रखने का काम करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार सकारात्मक प्रतिक्रिया देगी और जरूरी इंतजाम करने के लिए तेजी से कदम उठाएगी।उन्होंने माननीय सांसद के बीमार पिता के शीघ्र और पूरी तरह से ठीक होने के लिए अपनी दिली प्रार्थनाएं भी भेजीं।