भारी बर्फबारी के कारण करीब तीन महीने तक बंद रहने के बाद रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण श्रीनगर-लेह राजमार्ग शुक्रवार को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया। आज वाहनों के पहले काफिले को डीसी गांदरबल कृतिका ज्योत्सना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारी और स्थानीय प्रशासन अधिकारी भी मौजूद रहे।
एक अधिकारी ने बताया कि अभी इस सड़क से केवल हल्के मोटर वाहनों को गुजरने की ही अनुमति दी गई है। मौसम और ज्यादा सामान्य होने पर यह रास्ता अन्य वाहनों के लिए भी खोला जाएगा। डीसी गांदरबल कृतिका ज्योत्सना के हरी झंडी दिखाने के बाद वाहनों का पहला काफिला सोनमर्ग से कारगिल की ओर रवाना हुआ। इस मौके पर एसपी गांदरबल निखिल बोरकर, एसडीपीओ कंगन यासिर कादरी, डीएसपी ट्रैफिक गांदरबल, मेहराज उद दीन रैना, एआरटीओ गांदरबल बशारत महमूद, तहसीलदार गुंड जाविद इकबाल और अन्य ने अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि बीते शनिवार को रिकॉर्ड 73 दिनों के बाद इस राजमार्ग को बहाल कर दिया गया था। श्रीनगर से लेह के लिए एकतरफा यातायात विषम दिनों में, जबकि लेह से श्रीनगर के लिए सभी दिनों में यातायात बहाल रहेगा। एक अधिकारी ने बताया कि लद्दाख और कारगिल क्षेत्रों के लिए आवश्यक आपूर्ति करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर फैसला बाद में किया जाएगा।