संवाद न्यूज एजेंसी
शोपियां। नशा मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने के लिए वीरवार को केलर में जागरूकता महारैली निकाली गई। औषधि नियंत्रण संगठन शोपियां ने केलर केमिस्ट्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के सहयोग से यह रैली आयोजित की।
रैली उप जिला अस्पताल केलर से शुरू होकर मुख्य चौक केलर पर खत्म हुई। इसमें दवा विक्रेताओं, समाजसेवियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने नशा विरोधी संदेश और नारे लिखे बैनर-पोस्टर लेकर नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई की जरूरत बताई। यह कार्यक्रम सहायक औषधि नियंत्रक शोपियां व पुलवामा हुमैरा यूसुफ की देखरेख में हुआ।
उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती लत से निपटने के लिए जन जागरूकता और समाज की भागीदारी सबसे जरूरी है। नशा न सिर्फ व्यक्ति को बर्बाद करता है बल्कि परिवार और समाज पर गंभीर सामाजिक और आर्थिक असर डालता है। रैली में औषधि निरीक्षक शोपियां इम्तियाज अहमद और औषधि निरीक्षक जैनापोरा सलीम अहमद शामिल हुए। केलर और शोपियां केमिस्ट्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मी, व्यापारी और युवाओं ने भी नशे के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
वक्ताओं ने माता-पिता, शिक्षकों, धर्मगुरुओं और समाज के हर वर्ग से युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान, परामर्श और सामुदायिक सहयोग से ही नशे की लत रोकी जा सकती है। रैली का समापन नशा मुक्त भारत अभियान के लक्ष्यों का समर्थन करने और क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त भविष्य बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।