- पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, जम्मू की जेलों में भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोपोर पुलिस ने पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत पांच कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वे कई एनडीपीएस मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास और मादक पदार्थों की तस्करी में उनकी लगातार संलिप्तता के आधार पर विस्तृत डोजियर तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजे थे। इसके बाद पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत उनके खिलाफ निरोधात्मक आदेश जारी किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जम्मू क्षेत्र की विभिन्न जेलों में भेजा गया है। इनमें कुछ को जिला जेल भद्रवाह और कुछ को केंद्रीय कारागार कोट भलवाल जम्मू में रखा गया है। अब तक बार-बार अपराध करने वाले 13 नशा तस्करों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल 17 अन्य आदतन अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है और उनके खिलाफ इसी कानून के तहत कार्रवाई के लिए डोजियर तैयार किए जा रहे हैं।