- श्रीनगर स्थित कार्यालय में पदाधिकारियों ने दी जानकारी, 16 जनवरी को कराए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन 16 जनवरी 2026 को आठ साल बाद जीजीएम साइंस कॉलेज में अपने पदाधिकारियों और एपेक्स काउंसिल के चुनाव कराने जा रही है। मंगलवार को श्रीनगर स्थित जेकेसीए कार्यालय में बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने यूथ क्रिकेट क्लब और जेकेसीए को चुनाव कराने का निर्देश दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एके ज्योति को इस चुनाव के लिए चुनावी अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए 12 सप्ताह का समय दिया गया है।
जेकेसीए के पदाधिकारी जावेद अहमद ने बताया कि जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने पूर्व जस्टिस बशीर-उद्दीन को क्लबों के बीच विवादों को सुलझाने के लिए लोकपाल नियुक्त किया था। दो साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी एसोसिएशन को रिकॉर्ड पेश करने में विफल बताकर वे विवादों को हल नहीं कर पाए। इसके विपरीत एसोसिएशन ने कोर्ट में जवाब दाखिल करते समय यह बिल्कुल साफ कर दिया था कि क्लबों के सभी रिकॉर्ड एसोसिएशन के पास उपलब्ध हैं और थे।
बीसीसीआई ने इन विवादों को सुलझाने के लिए जस्टिस एल. नरसिम्हा रेड्डी को लोकपाल नियुक्त किया। उक्त लोकपाल ने एसोसिएशन के पास उपलब्ध क्लबों के रिकॉर्ड के आधार पर क्लबों के असली प्रतिनिधियों को चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति दी और उसी के अनुसार असली प्रतिनिधियों की सूची प्रकाशित की गई।
फिर से हो सकेगी क्लब क्रिकेट की शुरुआत
पदाधिकारियों ने बीसीसीआई अध्यक्ष का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मदद से ही चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी है। जम्मू कश्मीर के क्रिकेट खिलाड़ी काफी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में आईपीएल के लिए सूबे से तीन खिलाड़ियों का चयन इसी को दर्शाता है। ए श्रेणी की क्रिकेट में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उम्मीद है कि चुनाव के बाद यहां क्लब क्रिकेट की फिर से शुरुआत हो सकेगी।