बारामुला में जब्त किए वाहन। स्रोत पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पट्टन, क्रीरी और कुंजर में छापेमारी, पांच डंपर, छह टिपर, दो ट्रैक्टर पकड़े, एफआईआर दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। अवैध खनन और खनिज संसाधनों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने जिले भर में कई कार्रवाई करते हुए रेत, बजरी और बोल्डर के अवैध खनन-परिवहन में शामिल कई वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस की ओर से बाबातेंग पट्टन में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना वैध अनुमति के रेत व बजरी ले जा रहे पांच डंपर और चार टिप्पर पकड़े और जब्त कर लिए। नवान मोड़ क्रीरी के पास एक अलग ऑपरेशन में बिना अनुमति खनिज सामग्री ले जा रहे एक डंपर और दो टिप्पर भी जब्त किए गए। पुलिस ने उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं पब्लिक पार्क कुंजर के पास रुटीन गश्त के दौरान थाना कुंजर की पुलिस पार्टी ने दो ट्रैक्टरों को रोका। ये ट्रैक्टर फेरोजपोरा नाला, हार्डबनी से अवैध रूप से निकाले गए बोल्डर से लदे थे। चालकों की पहचान सुहैल अहमद पंडित और दानिश अहमद के रूप में हुई। दोनों खनिज सामग्री के खनन या परिवहन का कोई वैध दस्तावेज दिखाने में विफल रहे।
इसके बाद थाना कुंजर में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि वह अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों से प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।