श्रीनगर के दारुल उलूम में लगी आग। वीडियो ग्रैब
12 दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के हैदरपोरा इलाके में शुक्रवार को एक मदरसे को भीषण आग लग गई। चार मंजिला इस्लामी मदरसा जामिया अरबिया अशरफुल उलूम और उससे सटी मस्जिद की इमारत जल गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में करीब 200 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों के अनुसार, एल-आकार की इस इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल से आग लगनी शुरू हुई जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें तेजी से फैलीं और चौथी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग हरकत में आया और विभाग मुख्यालय सहित बडगाम, नौगाम और रंगरेट से करीब 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से लंबे समय तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया।
अधिकारियों ने बताया कि चौथी मंजिल पर रखे 6 से 7 गैस सिलिंडरों के फटने से आग और भी भड़क गई जिससे नुकसान बढ़ गया। इस घटना में दो दमकल कर्मी और एक स्थानीय व्यक्ति घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चौथी मंजिल पूरी तरह जलकर खाक
आग बुझाने के बाद भी लंबे समय तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत की चौथी मंजिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।