अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को श्रीनगर में बाजारों का निरीक्षण किया। इस दाैरान टीम ने साफ-सफाई नियमों के उल्लंघन पर दुकानदारों को कानूनी कार्रवाई करने चेतावनी दी।
खाद्य सुरक्षा मानकों और सार्वजनिक स्वास्थ्य नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए टीम ने श्रीनगर के जहांगीर चौक, करन नगर, बाल गार्डन, हरी सिंह हाई स्ट्रीट, रेजिडेंसी रोड और लाल चौक सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में बाजार का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की और खाद्य व्यवसाय संचालकों (एफबीओ) को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम तथा संबंधित नियमों और विनियमों के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
टीम ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने परिसर में उचित स्वच्छता और साफ-सफाई के मानकों को बनाए रखें ताकि खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह का दूषण न हो। खाद्य संचालकों और कर्मियों को भी खाना बनाते, संभालते और परोसते समय व्यक्तिगत स्वच्छता के उच्च स्तर को बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने खाद्य व्यवसाय संचालकों को आगे सलाह दी कि वे खाद्य उत्पादों को सुरक्षित रूप से संभालने और संरक्षित करने के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानदंडों के अनुरूप अपनी भंडारण सुविधाओं और कचरा निपटान प्रणालियों को बेहतर बनाएं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि स्वच्छता बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही करने पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।