संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। ट्रैफिक पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हसीब-उर-रहमान ने बताया कि यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने और पांच या इससे अधिक चालान लंबित रखने वाले करीब 60,000 वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही, स्मार्ट कैमरों के जरिए रेड-लाइट जंप करने, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों को बड़े पैमाने पर पकड़ा जा रहा है।
डीआईजी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में यातायात विनियमन और प्रवर्तन को आधुनिक बनाने के लिए विभाग ने इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लागू किया है। इसके तहत जल्द ही इंटेलिजेंट ट्रैफिक लाइटें भी शुरू की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि तकनीक-आधारित निगरानी से नियमों के उल्लंघन का पता लगाने की क्षमता में काफी वृद्धि हुई है। अब मौके पर ट्रैफिक कर्मियों की अनुपस्थिति में भी कैमरे नियम तोड़ने वालों को पकड़ रहे हैं। रहमान ने कहा, चाहे कोई रेड लाइट जंप करे, बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाए या बिना हेलमेट के बाइक चलाए, कैमरे इन उल्लंघन को रिकॉर्ड कर रहे हैं। इससे यातायात नियम तोड़ने वालों में डर पैदा हो रहा है और अनुपालन में सुधार आ रहा है।
डीआईजी ने यह भी कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे के विकास और आधुनिक यातायात प्रबंधन सुविधाओं को शुरू करने पर काम कर रही है, जिससे आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर की ट्रैफिक व्यवस्था में और सुधार देखने को मिलेगा।
ऑटो-रिक्शा से काले कवर हटाने और पारदर्शी कवर लगाने के निर्देश पर डीआईजी ने स्पष्ट किया कि यह कदम नशीली दवाओं की तस्करी, महिलाओं की सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा, पारदर्शिता बेहद जरूरी है क्योंकि नशे की समस्या, ड्रग पेडलर्स की गतिविधियों और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा जैसे कई गंभीर मुद्दे हैं। इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।