बांदीपोरा। ऑपरेशनल तैयारियों को मजबूत करने और एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए बांदीपोरा पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने मंगलवार को अजस के चरवन में संयुक्त काउंटर इंसर्जेंसी रिस्पांस सिस्टम (सीआईआरएस) मॉक ड्रिल का आयोजन किया।
यह अभ्यास एरिया डोमिनेशन पार्टी पर हुए हमले के काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित था। काल्पनिक घटना के दौरान पुलिस, 13 आरआर और 45 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त प्रतिक्रिया टीमों ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और समन्वित तलाशी अभियान शुरू किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य प्रतिक्रिया तंत्र, ऑपरेशनल तत्परता, सतर्कता और भाग लेने वाली सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल का आकलन करना और उसे ताजा करना था।
पुलिस ने जिले में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर की ऑपरेशनल तैयारियों को बनाए रखने और सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।