श्रीनगर। बडगाम पुलिस ने खान साहिब के दूरदराज क्षेत्रों से दो मेडिकल इमरजेंसी कॉल पर कार्रवाई करते हुए दो गंभीर रूप से बीमार महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक पहली घटना में थाना खान साहिब को बटपोरा शेखपोरा से एक महिला के गंभीर दर्द से पीड़ित होने की इमरजेंसी कॉल आई। इस पर कार्रवाई करते हुए एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मरीज को इलाज के लिए खान साहिब अस्पताल पहुंचाया।
वहीं दूसरी घटना में हरिवीन थाने में कॉल आई जहां एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से बीमार है जिसे फौरन इलाज की जरूरत है। पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया। यहां महिला का इलाज चल रहा है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना की। पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वह आपातकाल की स्थिति में पुलिस की मदद लें। संवाद