संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के पेंशनरों के साथ जुड़ाव को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को गांदरबल में पेंशनर्स आउटरीच कार्यक्रम कराया गया। अधिकारियों ने पेंशनरों के घर जाकर उनका हाल जाना और उन्हें पेश आ रही समस्याओं को समझा।
कश्मीर क्षेत्र में पेंशनरों को सुविधा प्रदान करने के लिए बीएसएनएल जम्मू और कश्मीर के मुख्य महाप्रबंधक के साथ एक बैठक भी की गई, ताकि श्रीनगर में कंट्रोलर ऑफ कम्युनिकेशन अकाउंट्स का एक सब-ऑफिस स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित ऑफिस के लिए उपयुक्त जगह की पहचान कर ली गई है और उम्मीद है कि आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद यह सब-ऑफिस काम करना शुरू कर देगा।
इस बीच निर्णय लिया गया कि सीसीए ऑफिस जम्मू का एक अधिकारी हर हफ्ते श्रीनगर का दौरा करेगा ताकि बीएसएनएल की ओर से निर्धारित एक स्थान पर पेंशनरों से मिला जा सके।