- जीएमसी अनंतनाग बना दक्षिण कश्मीर का प्रमुख अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग में कैथ लैब और एमआरआई जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं के शुरू होने से यह दक्षिण कश्मीर का एक प्रमुख अस्पताल बन गया है। इन सुविधाओं के आने से अब लोगों को इलाज और जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा जिससे जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
पहले एमआरआई सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को श्रीनगर या अन्य बड़े अस्पतालों में जाना पड़ता था। इससे समय, पैसा और आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर हृदय रोग और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद कठिन होती थी।
अब कैथ लैब की स्थापना से एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर इम्प्लांटेशन और अन्य हृदय संबंधी जटिल प्रक्रियाएं जीएमसी अनंतनाग में ही संभव हो रही हैं। वहीं 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन के शुरू होने से उन्नत जांच सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो गई हैं।
लगातार नई सुविधाएं जोड़ी जा रहीं
इन सुविधाओं से केवल अनंतनाग ही नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण कश्मीर और चिनाब घाटी के मरीजों को लाभ मिल रहा है। लोगों का कहना है कि पहले उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी लेकिन अब स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से काफी राहत महसूस हो रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अनंतनाग को और मजबूत बनाने के लिए लगातार नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं ताकि मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सके। कैथ लैब और एमआरआई सुविधा का शुरू होना इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।