अनंतनाग में पुलिस की बैठक। स्रोत पुलिस
- अनंतनाग के एसएसपी ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अनंतनाग। अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर सुरक्षा तैयारियों को पुख्ता किया जा रहा है। एसएसपी अनंतनाग अमोद अशोक नागपुरे ने वीरवार को जिला पुलिस कार्यालय (डीपीओ) अनंतनाग में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्रबंधन से लेकर भीड़ नियंत्रण का खाका खींचें।
बैठक में एसपी हेडक्वार्टर अनंतनाग, एएसपी नॉर्थ (कैंप ऐशमुकाम) सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई ताकि यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
एसएसपी नागपुरे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और सभी एजेंसियों के बीच तालमेल को और मजबूत किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपात स्थितियों से निपटने के लिए संचार प्रणाली को सुदृढ़ करने और पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, संवेदनशील स्थलों की पहचान करने और संभावित जोखिमों को समय रहते कम करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। सभी अधिकारियों ने आगामी अमरनाथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।