अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। 3 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इस वार्षिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटी के प्रमुख मार्गों और नवयुग टनल के लिए सख्त समय-सीमा यानी कट-ऑफ टाइमिंग लागू की गई है।
प्रशासनिक नियमों के मुताबिक कश्मीर घाटी से जम्मू की तरफ जाने वाले सभी सामान्य वाहनों को हर हाल में सुबह 11:30 बजे से पहले नवयुग टनल पार करना होगा। इस तय समय के बाद किसी भी सामान्य वाहन को टनल से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी तरह, जम्मू से कश्मीर आने वाले वाहनों के लिए दोपहर 3:00 बजे की समय-सीमा तय की गई है, जिसके बाद वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही, कश्मीर घाटी के अंदर विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों जैसे मीर बाजार, पंथा चौक, शादिपोरा और मनिगाम के लिए भी अलग-अलग रूटों के आधार पर कट-ऑफ समय निर्धारित किया गया है।
इसके अनुसार मीर बाजार से श्रीनगर या अनंतनाग जाने वाले वाहनों के लिए शाम 4 बजे और नवयुग टनल की तरफ जाने वालों के लिए शाम 5 बजे का समय तय किया गया है। पंथा चौक (श्रीनगर) से गांदरबल या बारामुला जाने वाले वाहन दोपहर 3 बजे तक और अनंतनाग जाने वाले वाहन भी दोपहर 3 बजे तक ही निकल सकेंगे। शादिपोरा (सूंबल) से मनिगाम या उत्तरी कश्मीर जाने वाले वाहनों के लिए दोपहर 3:30 बजे और श्रीनगर जाने वालों के लिए दोपहर 1:00 बजे का कट-ऑफ समय रहेगा। वहीं, मनिगाम से बालटाल जाने वाले वाहनों को शाम 5 बजे तक और श्रीनगर या उत्तरी कश्मीर जाने वाले वाहनों को दोपहर 12 बजे तक की ही अनुमति होगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी पर्यटक, यात्री या अन्य नागरिक इन निर्धारित कट-ऑफ समय के बाद संबंधित स्थानों पर पहुंचता है तो उन्हें अनिवार्य रूप से पास के ही सबसे नजदीकी यात्रा कैंप में ठहराया जाएगा। प्रशासन ने सभी तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और नवयुग टनल को समय से पार करने के लिए अपनी यात्रा जल्दी शुरू करें।
इसके अलावा, ट्रैफिक, मौसम और सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर चलें, वाहनों में ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था रखें और सुरक्षाबलों व सिविल प्रशासन का सहयोग करें ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम तरीके से संपन्न हो सके। नवीनतम अपडेट के लिए लोगों को ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आधिकारिक वेबसाइटों से जुड़े रहने की सलाह दी गई है।