- 19 विपक्षी दलों के जुटने के बाद भी नहीं उमड़ी भीड़, भाजपा ने गठबंधन के जनसमर्थन और जनाधार पर उठाए सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। वरिष्ठ भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली को पूरी तरह विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि 19 राजनीतिक दलों के साझा प्रयासों और मंच साझा करने के बावजूद विपक्षी गठबंधन ऐतिहासिक रामलीला मैदान को भरने में भी असमर्थ रहा जो जनता के बीच इनके गिरते जनाधार को स्पष्ट करता है।
भाजपा नेता ने रैली के दौरान घटे घटनाक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि सबसे चौंकाने वाला और उल्लेखनीय दृश्य तब देखने को मिला जब गठबंधन के प्रमुख चेहरों में से एक राहुल गांधी मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के भाषण के दौरान ही लोग मैदान छोड़कर बाहर जाने लगे, जिससे रैली की साख और प्रभाव पर गहरा आघात लगा है।
अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि विपक्षी दलों ने इस शक्ति प्रदर्शन के लिए महीनों से माहौल बनाने का प्रयास किया था लेकिन यह रैली न तो अपेक्षित जनसमर्थन जुटा पाई और न ही कोई राजनीतिक प्रभाव छोड़ने में सफल रही। लगभग दो दर्जन विपक्षी दलों की सामूहिक ताकत झोंकने के बाद भी मैदान में पर्याप्त भीड़ का न जुटना यह साबित करता है कि जनता विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे को पूरी तरह नकार चुकी है।
भाजपा नेता ने कहा कि रामलीला मैदान का यह नजारा इंडिया गठबंधन की जमीनी पकड़, लोगों को लामबंद करने की वास्तविक क्षमता और आम जनता में उसके प्रति घटते उत्साह पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत से कटे विपक्षी नेता केवल सोशल मीडिया और बयानों तक सीमित रह गए हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस खुली विफलता और जनता की बेरुखी का जवाब विपक्षी गठबंधन किस प्रकार देता है।