जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे की मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक सभी उड़ान सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। और एक जुलाई से सितंबर तक हर सोमवार व मंगलवार को यात्री उड़ान सेवाएं बंद रहेंगी। यह निर्णय रनवे के मरम्मत में तेजी लाने के उद्देश्य से लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पहले वायुसेना की योजना के अनुसार एयरपोर्ट को अगस्त से अक्तूबर के बीच सप्ताहांत शनिवार व रविवार में बंद रखा जाना था। अब इसे सप्ताह की शुरुआत में बंद करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार रनवे मरम्मत कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसके तहत जुलाई से एयरपोर्ट सप्ताह में दो दिन बंद रहेगा। इसके बाद 1 से 15 अक्तूबर तक हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों का संचालन पूरी तरह निलंबित कर दिया जाएगा।
यह बंदी ऐसे समय में हो रही है जब दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान कश्मीर में पर्यटकों की बड़ी संख्या पहुंचती है। खासकर पश्चिम बंगाल से आने वाले पर्यटकों की संख्या इस दौरान काफी अधिक रहती है। पर्यटन और ट्रैवल कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट बंद होने से बुकिंग रद्द हो सकती हैं और स्थानीय कारोबार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायुसेना द्वारा जारी नोटिस टू एयरमेन के बाद 6 अप्रैल से ही एयरपोर्ट पर कुछ प्रतिबंध लागू हैं। वर्तमान में उड़ानों का संचालन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ही किया जा रहा है, जबकि पहले यह समय शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक था।
पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़े संगठनों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मरम्मत कार्य के समय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान हवाई संपर्क बाधित होने से जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था और स्थानीय व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।