- सैयद शुनैन ने अपनी पुस्तक में मां के अटूट साहस और उनकी परवरिश के दौरान आई चुनौतियों का जिक्र किया है
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। 13 वर्षीय सैयद शुनैन ने अपनी मां के संघर्षों, बलिदानों और एकल अभिभावक (सिंगल पेरेंट) के रूप में उनकी यात्रा पर आधारित एक पुस्तक लिखी है। पुस्तक विमोचन के अवसर पर शुनैन ने कहा कि यह किताब उनकी मां के अटूट साहस और उनकी परवरिश के दौरान आई चुनौतियों को समर्पित है।
कम उम्र में ही अद्भुत साहित्यिक प्रतिभा का परिचय देते हुए शुनैन ने बताया कि यह पुस्तक उनकी मां के जीवन की कठिनाइयों, उनके लिए किए गए बलिदानों और एक सिंगल पेरेंट के जीवन की वास्तविकताओं को दर्शाती है। इसमें यह दिखाया गया है कि कैसे समाज अक्सर ऐसे अभिभावकों पर दबाव डालता है और उनके प्रयासों की सराहना नहीं करता, लेकिन इसके बावजूद उनकी मां ने सभी बाधाओं को पार कर अपना जीवन उनके लिए समर्पित कर दिया।
एक लेखक के रूप में अपनी शुरुआत को याद करते हुए शुनैन ने अपने मार्गदर्शक बशीर मंजर को अपनी लेखन क्षमता को पहचानने और प्रोत्साहित करने का श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि बशीर मंजर ने परिस्थितियों को देखने के उनके अलग नजरिए को परखा और लिखने के लिए प्रेरित किया, यहां तक कि मजाक में हर लेख के बदले 200 रुपये देने की पेशकश भी की। शुनैन के पहले ही लेख से मंजर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने इसे समाचार पत्र में प्रकाशित कराया।
अपनी मां की कहानी लिखने के अनुभव साझा करते हुए शुनैन ने कहा कि शुरुआत में उनकी मां अपने जीवन पर किताब लिखे जाने को लेकर हिचकिचा रही थीं और उन्होंने किसी अन्य विषय पर लिखने को कहा था। हालांकि, पांडुलिपि तैयार होने के बाद जब शुनैन ने उन्हें इसे पढ़ने के लिए प्रेरित किया तो अपने जीवन के कठिन दौर को याद कर वह बेहद भावुक हो गईं।
शुनैन ने बताया कि उनके जीवन का सबसे यादगार पल वह था जब उन्होंने अपनी मां के काम पर जाने के बाद प्रकाशित पुस्तक को उनके बिस्तर के पास वाली मेज पर रख दिया था। घर लौटने पर जब उनकी मां ने वह किताब देखी तो वह बेहद खुश हुईं, जो शुनैन के लिए गर्व का क्षण था। इस 13 वर्षीय उभरते लेखक ने भविष्य में और भी किताबें लिखने की इच्छा जताई है।
वह वर्तमान में एक अन्य प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं और इसके साथ ही उन्होंने अपने मार्गदर्शक बशीर मंजर के जीवन पर भी एक पुस्तक लिखनी शुरू कर दी है जिसके दो अध्याय पूरे हो चुके हैं। शुनैन के अनुसार बशीर मंजर आज भी उन्हें साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नया सृजन करने के लिए लगातार प्रेरित करते रहते हैं।