मोदी की रैली वाले दिन अलगाववादियों के ‘मिलियन मार्च’ के आह्वान को देखते हुए पुलिस ने अलगाववादियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत कुछ अलगाववादियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि प्रमुख अलगाववादी नेताओं को नजरबंद रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियां अलगाववादियों की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखे हुए हैं।
सोमवार की देर रात दुख्तरन-ए-मिल्लत की अध्यक्ष आसिया अंद्राबी तथा उनके समर्थकों को भी हिरासत में ले लिया गया। सोफी फहमीदा तथा पांच अन्य को पुलिस हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले हुर्रियत (जी) अध्यक्ष गिलानी, हुर्रियत (एम) के मीरवाइज, जेकेएलएफ के सीन मलिक, शब्बीर शाह, नईम खान, शौकत बख्शी आदि को नजरबंद किया गया।
उधर, गिलानी ने लोगों से मिलियन मार्च को सफल बनाने की अपील की है। इस मार्च को विभिन्न अलगाववादी संगठनों की ओर से समर्थन दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भी अलगाववादियों की गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी गई है। मिलियन मार्च का प्रचार करने वाले फेसबुक, ट्विटर के 120 से अधिक पेज चिह्नित किए गए हैं।