मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने समाज से प्रगतिशील बनने और लड़कियों के प्रति अपनी धारणा बदलने का आग्रह करते हुए कहा कि वह राष्ट्र विकसित नहीं हो सकते, जब तक लिंग के आधार पर बच्चों के बीच भेदभाव करना बंद न करें। उन्होंने कहा कि लड़कियों को भी लड़कों के समान ही आर्थिक सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार चाहिए।
मुख्यमंत्री सोमवार को श्रीनगर के एसकेआईसीसी में लाडली बेटी योजना को औपचारिक तौर पर शुरू करने के बाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लड़कियों में भी हमारी उम्मीदों को पूरा करने का जज्बा है। इसलिए लड़कियों को भी खेल के मैदान उपलब्ध कराएं।
कमजोर वर्गों के लिए आसरा नामक बीमा योजना की शुरुआत भी की। कार्यक्रम के दौरान पीडीपी अध्यक्ष और सांसद महबूबा मुफ्ती, बागवानी मंत्री एआर वीरी, आरएंडबी मंत्री अल्ताफ अहमद बुखारी, समाज कल्याण मंत्री बाली भगत, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रोफेसर अमिताभ मट्टू के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
बच्चों के लालन-पालन को मुश्किल काम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली बेटी योजना गरीब परिवारों में पैदा होने वाली बच्चियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी। ययह योजना उनके लिए राहत लेकर आई है, जिनके लिए दो वक्त की रोटी कमाना भी मुश्किल है। लाडली बेटी योजना के लाभार्थियों के बीच पासबुक और पंजीकरण प्रमाण पत्र वितरित किए।
महबूबा मुफ्ती ने भी योजना शुरू होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि बेशक लोग सांकेतिक तौर पर लिंग समानता की बात करते हैं लेकिन लड़कियों के प्रति दुनिया की सोच आज भी पुरानी ही है। उन्होंने जोर दिया कि लाडली बेटी और आसरा योजना के दायरे में ज्यादा से ज्यादा परिवारों को शामिल करने के लिए संबधित परिवारों की अधिकतम आय का दायरा 75 हजार से बढ़ाकर एक लाख किया जाए।