श्रीनगर/काजीगुंड। कश्मीर के काजीगुंड से जम्मू संभाग के बनिहाल तक जोड़ने वाली सुरंग दो हफ्तों के भीतर खुलने की खबर मिलने से लोगों में खुशी है। खासतौर उन लोगों के चेहरों पर जिन्हें इलाज व कारोबार के संबंध में कश्मीर का रुख करना पड़ता था। अब दशकों बाद दुर्गम रास्तों को पार कर कश्मीर संभाग पहुंचे वाले लोग इस मुसीबत से छुटकारा पाएंगे।
8.5 किलोमीटर लंबी यह टनल पुरानी जवाहर टनल के करीब 400 मीटर नीचे पहाड़ों को काटने के बाद बनाई गई है। इस टनल को बनाने में करीब 2100 करोड़ की लागत आई है। टनल के शुरू होने से कश्मीर साल के 12 महीने जम्मू संभाग के साथ जुड़ा रहेगा। इसके शुरू होने से श्रीनगर से जम्मू की दूरी 16 किलोमीटर कम हो जाएगी।
इस टनल का काम वर्ष 2011 में शुरू हुआ था। इसके तैयार होने में दस साल से अधिक समय लगा है। इस बीच इसका ट्रायल चल रहा है और करीब दो हफ्तों के भीतर इसे खोल दिया जाएगा।
टनल बनाने वाली कंपनी के एजीएम मुनीब टाक ने बताया कि यह बाकी के टनलों से थोड़ी अलग है। इसमें 3 लेन बनाई गई है। इसमें दो ड्राइविंग और 1 आपातकालीन लेन है। टनल में हर 500 मीटर की दूरी पर इमरजेंसी निकास रखा गया है। उन्होंने बताया कि धुएं को टनल से बाहर निकालने के लिए टनल में 126 जेट फैन भी लगाए गए हैं । सर्विलांस के लिए 234 सीसीटीवी कैमरा भी लगाए गए हैं।