राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उपराज्यपाल ने की उच्चस्तरीय बैठक
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की जम्मू कश्मीर की यात्रा से पहले व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की। जिसमें उपराज्यपाल ने माननीय राष्ट्रपति की उपस्थिति में होने वाले कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की तैयारियों का मूल्यांकन किया।
उपराज्यपाल ने सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की और राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर एक सावधानीपूर्वक यातायात व्यवस्था को लागू करने का निर्देश दिए। बैठक में एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार, कुलपति कश्मीर विश्वविद्यालय प्रोफेसर नीलोफर खान, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ मनदीप कुमार भंडारी, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय बिधूड़ी, डीआइजी सीकेआर श्रीनगर सुजीत कुमार, आयुक्त एसएमसी अतहर आमिर खान, डीसी श्रीनगर मोहम्मद ऐजाज़ सहित आला अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) दिलबाग सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गश्त, रात्रिकालीन उपकरण, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित बनाने पर जोर दिया।