कहा-सीटें बढ़ाने का फैसला भलाई के लिए हो न कि राजनीति के लिए, इंडिया गठबंधन मिलकर लेगा फैसला
श्रीनगर। कश्मीर हाट का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री उमर ने कहा कि सीटें बढ़ाने का फैसला भलाई के लिए हो न कि राजनीति के लिए। लोकसभा में सीटें बढ़ाने के सवाल पर सीएम ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष के घर पर बैठक होने जा रही है। इस बैठक में तय होगा कि इस मसले पर हमारा क्या रुख रहेगा। पूरा इंडिया गठबंधन मिलकर इस पर फैसला करेगा।
उन्होंने कहा, पहले भी केंद्र सरकार ने कहा था कि डिलिमिटेशन से फायदा होगा लेकिन बाद में सिर्फ एक ही पार्टी और उसके खास लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई। जम्मू-कश्मीर में भी जिस तरह सीटों का बंटवारा किया गया और निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए, उसमें वोटरों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया। इसका मकसद सिर्फ भाजपा और उसके सहयोगियों को फायदा पहुंचाना था। अगर लोकसभा में भी यह बिल उसी मकसद से लाया जा रहा है तो इस पर आज की बैठक में चर्चा जरूर होगी। इंडिया गठबंधन अपना रुख साफ करेगा।
इससे पहले इंडस्ट्री इंसेंटिव पॉलिसी पर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि सरकार नई इंसेंटिव पॉलिसी लाने पर काम कर रही है। हमारा प्रयास है कि पॉलिसी का सही इस्तेमाल हो और सही मायनों में लोगों को फायदा मिले, न कि कोई गड़बड़ी हो। सरकार ऊपर से इंसेंटिव देती है लेकिन जमीनी स्तर पर उसका असर नहीं दिखता।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यूनिट लगाए हैं, उन्हें किस तरह का फायदा मिल रहा है और क्या बदलाव चाहिए। साथ ही जो लोग यहां इंडस्ट्री लगाना चाहते हैं, वे किस तरह की पॉलिसी चाहते हैं। इन सभी की राय लेकर हम एक बेहतर पॉलिसी लाएंगे जिससे यहां उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। ब्यूरो