जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने श्री अमरनाथ यात्रा और हर घर तिरंगा लगाए जाने के मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को श्रीनगर में कहा कि अमरनाथ यात्रा हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की निशानी होती थी, लेकिन भाजपा ने इसका राजनीतिकरण कर दिया है।
महबूबा ने कहा- 'यह यात्रा (अमरनाथ यात्रा) हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की निशानी होती थी लेकिन भाजपा ने इस यात्रा को सियासी हथकंडा बना दिया है कि जैसे जम्मू-कश्मीर को फतह करना है। इनके पास रिपोर्ट है जिसमें लिखा है कि एक दिन में यात्रा के लिए 5,000 से अधिक लोग नहीं जाने चाहिए।'
वहीं आगे उन्होंने हर घर तिरंगा को लेकर भाजपा को घेरते हुए कहा- 'हम एक मुस्लिम बहुल प्रदेश हैं। हमने पाकिस्तान के साथ जाने से इंकार कर हिंदुस्तान से हाथ मिलाया। हमने इस मुल्क का झंडा कबूल किया और उसके साथ अपना झंडा मिलाया। हम दोनों झंडों को सलाम करते रहे। लेकिन, आज हमारे घरों में घुसकर झंडे लगा रहे हैं।'