लोलाब क्रिकेट टूर्नामेंट
- फोटो : संवाद
पहले बल्लेबाजी करते हुए पठान पैंथर्स लोलाब ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोपोर इलेवन की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया लेकिन निर्धारित ओवरों में सात विकेट खोकर 170 रन ही बना सकी। इस तरह सोपोर इलेवन को चार रन से हार का सामना करना पड़ा।
पठान पैंथर्स के मोहम्मद उमर खान को फाइनल में निर्णायक प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि टीम के शेख जुनैद को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में उत्तरी कश्मीर की 101 टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय सेना के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता ने स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बेहतर स्तर पर खेलने का अवसर प्रदान किया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन से लोलाब और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्षेत्र में बड़े क्रिकेट मुकाबले आयोजित कराने के लिए भारतीय सेना का आभार जताया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पहले इस स्तर के क्रिकेट मुकाबले ज्यादातर श्रीनगर और अन्य जिलों में आयोजित होते थे। अब लोलाब में भी ऐसे रोमांचक मैच होने से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
टूर्नामेंट के आयोजन से लोलाब में क्रिकेट को बढ़ावा मिला है। साथ ही, इसने उत्तरी कश्मीर में खेल प्रतिभाओं और बड़े खेल आयोजनों की संभावनाओं को भी उजागर किया है। 101 टीमों की भागीदारी के साथ संपन्न हुई इस प्रतियोगिता ने स्थानीय युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई उम्मीद जगाई है।