राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विभिन्न टीमों ने आतंकवाद से जुड़े मामले में कश्मीर घाटी में 14 स्थानों पर छापे मारे। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की मदद से अनंतनाग, बारामुला, बडगाम, बांदीपोरा, पुलवामा, सोपोर और श्रीनगर में कार्रवाई की गई।
सूत्रों के अनुसार एक नाबालिग व एक पूर्व आतंकी समेत तीन लोगों को जांच एजेंसी ने हिरासत में लिया है। छापे में डिजिटल सबूत, मोबाइल तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी कमांडरों की ओर से घाटी में आतंकी गतिविधियों को बढ़ाने की साजिश रची थी।
अल्पसंख्यकों व सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने, अमरनाथ यात्रा समेत अन्य धार्मिक आयोजनों, मां वैष्णो देवी यात्रा समेत अन्य धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाने की साजिश रची गई है। इसका पता लगने पर एजेंसी ने 21 जून को स्वत: संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था।
सूत्रों ने बताया कि एनआईए ने श्रीनगर के अली कदल में 14 साल के नाबालिग के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान नाबालिग और उसके माता-पिता के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए। सूत्रों ने बताया कि लड़के के साथ पेशे से ड्राइवर उसके पिता को एनआईए टीम ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जांच एजेंसी की एक अन्य टीम ने बोनपोरा चेवडारा बीरवाह में एक पूर्व आतंकवादी को घर से हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए बीरवाह पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
बांदीपोरा में एनआईए की टीम ने चेक ए गनास्तान और बांकूट में भी दो जगहों पर छापा डाला। कई अन्य स्थानों पर भी तलाशी भी ली गई। अधिकारी के मुताबिक मामले की जांच जारी है।