श्रीनगर की जामिया मस्जिद में लॉन्च किया कैलेंडर। संवाद
- मीरवाइज ने घर में नजरबंद करने का लगाया आरोप, कहा-कैलेंडर लांच में शामिल होने से रोका गया
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। मीरवाइज फाउंडेशन ने शुक्रवार को अंजुमन-ए-औकाफ जामा मस्जिद श्रीनगर के सहयोग से अपना 2026 (1448 हिजरी) कैलेंडर पिलर्स ऑफ फेथ ऐतिहासिक जामा मस्जिद में लांच किया। उधर मीरवाइज डॉ. मौलवी मुहम्मद उमर फारूक ने उन्हें घर में नजरबंद करने का आरोप लगाया। कहा कि उन्हें जामा मस्जिद में पहुंचने से रोका गया।
यह कैलेंडर ऐतिहासिक सिल्क रूट के कश्मीर से मध्य एशिया और उससे आगे लकड़ी की मस्जिदों की समृद्ध आध्यात्मिक, वास्तुकला और सांस्कृतिक धरोहर के तौर पर तैयार किया गया है। यह पवित्र स्थलों की शाश्वत सुंदरता को कैद करता है जो प्रार्थना के केंद्र के रूप में सेवा करते आए हैं। सदियों से शिक्षा और सामुदायिक जीवन का केंद्र रहे जो इस्लामी आस्था की गहराई और पारंपरिक वास्तुकला की कारीगरी को दर्शाते हैं।
दुर्लभ दृश्य और सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से पिलर्स ऑफ फेथ मुस्लिम दुनिया की साझा आध्यात्मिक धरोहर को उजागर करने और वर्तमान पीढ़ियों को उन ऐतिहासिक मस्जिदों से जोड़ने का प्रयास है जो भक्ति, कला और आस्था की निरंतरता का प्रतीक हैं। यह कैलेंडर 75 रुपये की हदीया में विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध होगा।