लेह। त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए लेह पुलिस ने शनिवार को वारिला टॉप से तीन फंसे हुए ट्रेकर्स को सुरक्षित बचा लिया। यह कार्रवाई सुबह लगभग 5 बजे आपातकालीन हेल्पलाइन डायल 112 पर प्राप्त सूचना के बाद की गई। पुलिस को इन्हें खोजने के लिए 16 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
बचाए गए व्यक्तियों की पहचान अब्दुल कयूम, मंसूर अहमद और शाहिद अहमद के रूप में हुई है। ये सभी डोडा के निवासी हैं। बताया गया कि उन्होंने 20 मार्च को टी-मोर्ह नुब्रा से पैदल यात्रा शुरू की थी। वारिला की ओर ट्रेकिंग के दौरान वे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के कारण वे फंस गए।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी खरु की एक टीम पोस्ट इंचार्ज के नेतृत्व में तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। ट्रेकर्स का सफलतापूर्वक पता लगाकर उन्हें बचा लिया। अधिकारियों के अनुसार तीनों लोगों को कठोर जलवायु परिस्थितियों में लगभग 16 घंटे तक लगातार ट्रेकिंग के बाद खोजकर सुरक्षित निकाला गया।
गंभीर मौसम के प्रभाव और शारीरिक थकावट को देखते हुए बचाए गए व्यक्तियों को तुरंत चिकित्सीय जांच और आवश्यक उपचार के लिए सोनम नोरबू मेमोरियल अस्पताल भेजा गया।