राफियाबाद स्थित हमाम मारकूट के वन क्षेत्र में गश्त के दौरान गिरने से सेना के जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) बलिदान हो गए। हीरा बहादुर पांडे 32 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) में तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि पांडे की पैरेंट यूनिट 3/9 जीआर थी। रात में गश्त के दौरान वे संतुलन खोकर गिर गए। इससे गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि रफियाबाद के ऊपरी जंगली इलाके दुर्गम भूभाग के लिए जाने जाते हैं। सुरक्षा बल अक्सर यहां गश्त करते हैं।
सीआरपीएफ जवान की सड़क हादसे माैत
श्रीनगर के लसजन बाईपास पर ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान की माैत हो गई। नाका चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। लसजन के पास सुरक्षाकर्मी नाका ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान ब्रेन निशात निवासी बाइक सवार नियंत्रण खो बैठा और सीधे जवान से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।