संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। जिले के सोनमर्ग बाजार में देर रात एक भालू के घूमने से लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना के बाद लोगों ने जंगली जानवरों के आबादी वाले इलाकों में बढ़ते प्रवेश पर चिंता जताई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भालू खाने की तलाश में व्यस्त बाजार क्षेत्र में घूमता हुआ देखा गया। हालांकि कुछ देर बाद वह पास के इलाके में चला गया। इस घटना में किसी के घायल होने या किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है।
लोगों ने भालू और अन्य जंगली जानवरों के बार-बार आने का कारण बाजार और आसपास कचरा जमा होना बताया। उनका कहना है कि कचरे का सही तरीके से निपटारा न होने से यह जंगली जानवरों के लिए बड़ा आकर्षण बन गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमित कचरा उठान और वैज्ञानिक तरीके से कचरा निपटान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की मुठभेड़ इंसानों और वन्यजीवों दोनों के लिए खतरा बन सकती हैं। लोगों ने वन्यजीव विभाग से भी संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और जरूरी रोकथाम के उपाय करने की अपील की। खासकर पर्यटन सीजन में जब सोनमर्ग में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, तब मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना जरूरी है।