लेह। जिला कांग्रेस कमेटी लेह ने शुक्रवार को भाजपा और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन पर 4 दिसंबर को होने वाले लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद चुनावों से पहले चुनावी अनियमितताओं, प्रशासनिक हस्तक्षेप और आदर्श आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूचियों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा चुनावों के लिए वर्ष 2017–18 की पुरानी पंचायत मतदाता सूचियों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2020 के हिल काउंसिल चुनावों में मतदान कर चुके कई युवा मतदाताओं के नाम वर्तमान मतदाता सूचियों से गायब हैं, जबकि मृत व्यक्तियों के नाम अब भी सूचियों में दर्ज हैं। पार्टी ने कई मतदान केंद्रों, जिनमें गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल आइबेक्स भी शामिल है, पर एक जैसे नाम, तस्वीरें और अन्य विवरण होने का हवाला देते हुए दोहरे मतदाता पंजीकरण का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर बिजली के खंभों और राजमार्गों के बैरिकेड्स सहित सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर पार्टी के झंडे और प्रचार सामग्री लगाकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। पार्टी के अनुसार चुनाव आयोग और उपायुक्त लेह से शिकायत किए जाने के बाद कुछ प्रचार सामग्री हटाई गई थी लेकिन बाद में सार्वजनिक स्थानों पर फिर से भाजपा के झंडे लगाए गए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेह की मुख्य शिक्षा अधिकारी देलदन आंगमो का कारगिल तबादला भी प्रमुख मुद्दा रहा। कांग्रेस नेताओं ने आदर्श आचार संहिता लागू रहने के दौरान किए गए इस तबादले के समय और औचित्य पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित और चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप की आशंका से जुड़ा कदम बताया।
कांग्रेस के अनुसार, आंगमो का तबादला उस समय किया गया, जब उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छुक एक संविदा कर्मचारी का इस्तीफा स्वीकार किया था। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने एक उम्मीदवार के नामांकन पत्र में नाम बदलने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया था और इस बात पर जोर दिया था कि नामांकन में दर्ज विवरण आधिकारिक दस्तावेजों के अनुरूप होने चाहिएं।
देलदन आंगमो ने बताया कि पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल की ओर से नामांकन पत्र में अपना नाम बदलने के लिए आवेदन प्राप्त हुआ था। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से परामर्श करने पर उन्हें बताया गया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम में बदलाव की अनुमति नहीं दी जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि विशेष रूप से आदर्श आचार संहिता लागू रहने के दौरान उनका तबादला किया जाना उचित समय नहीं था।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन से इस तबादले के पीछे की परिस्थितियों और आदेश के औचित्य को स्पष्ट करने की मांग की। पार्टी ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई पर विचार करने की बात भी कही।
पार्टी ने 25 नवंबर को लद्दाख खेल नीति 2026 के तहत उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना द्वारा 242 खिलाड़ियों के बीच 3 करोड़ रुपये वितरित किए जाने पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव अवधि के दौरान व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ छात्रवृत्ति और नकद पुरस्कारों का वितरण आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने के लिए समर्पित खेल परिषद का गठन प्राथमिकता होनी चाहिए थी।
इसके अतिरिक्त, कांग्रेस ने चुनाव अवधि के दौरान व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से सरकारी नौकरियों के विज्ञापनों के प्रसार पर भी आपत्ति जताई। पार्टी का आरोप था कि इस तरह के प्रचार से मतदाता प्रभावित हो सकते हैं और सत्तारूढ़ दल को अनुचित राजनीतिक लाभ मिल सकता है।
राज्य चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने आदर्श आचार संहिता के चुनिंदा तरीके से लागू किए जाने और सत्तारूढ़ दल के खिलाफ शिकायतों पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, मुख्य शिक्षा अधिकारी के तबादले की परिस्थितियों पर स्पष्टीकरण और आदर्श आचार संहिता के सभी कथित उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।