लेह। नुब्रा घाटी के बोगडांग क्षेत्र में सरकारी प्राथमिक विद्यालय लुंगबा में शिक्षकों की गंभीर कमी है। इससे छात्र व अभिभावक परेशान हैं। इसका असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता गुलाम मोहम्मद ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए शिक्षक-छात्र अनुपात में भारी असंतुलन की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि कई अभिभावकों ने अपर्याप्त शिक्षण स्टाफ को लेकर उनसे संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने लद्दाख प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में एकत्र होकर अपनी नाराजगी भी जताई। इससे शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर बढ़ती असंतुष्टि सामने आई है।
मोहम्मद ने मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील करते हुए अतिरिक्त शिक्षकों की जल्द तैनाती की मांग की ताकि शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से चल सकें। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती और दूरदराज क्षेत्रों में कई परिवार कृषि पर निर्भर हैं और आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपने बच्चों को डिस्किट जैसे दूरस्थ स्थानों के बेहतर विद्यालयों में भेजने में सक्षम नहीं हैं।