श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) की स्थापना को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के मुख्य प्रवक्ता और जड़ीबल से विधायक तनवीर सादिक ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर तीखा पलटवार किया है। सादिक ने पीडीपी पर क्षेत्रवाद और दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी की राजनीति जम्मू को कश्मीर के खिलाफ खड़ा करने की नहीं, बल्कि दोनों क्षेत्रों में संस्थानों के निर्माण की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ''''एक्स'''' पर एक पोस्ट साझा करते हुए तनवीर सादिक ने कश्मीर और जम्मू के लोगों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में कश्मीर को आखिरकार बडगाम में अपना नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी मिल रहा है, जबकि जम्मू को भी इसका एक परिसर (कैंपस) मिल रहा है, जिससे दोनों क्षेत्रों को लाभ होगा।
विपक्ष, विशेष रूप से पीडीपी के आरोपों का जवाब देते हुए सादिक ने लिखा, जब आप भाजपा के साथ सरकार में थे, तब जम्मू को पीसी, आईआईटी और आईआईएम मिले थे, लेकिन कश्मीर को ऐसे समकक्ष संस्थानों से वंचित रखा गया था। उस समय आप में उस असंतुलन पर सवाल उठाने का साहस कभी नहीं था।
नेका प्रवक्ता ने आगे कहा कि उनकी पार्टी पीडीपी के पाखंड और गढ़ी हुई शिकायतों की राजनीति से गुमराह होने से इनकार करती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि जम्मू परिसर भी पूरी तरह से कार्यशील हो और फले-फूले।