कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। शनिवार को भी घाटी के अधिकांश इलाकों में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दक्षिण कश्मीर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पूरे कश्मीर संभाग में सबसे ठंडा स्थान रहा। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी रात का पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे लुढ़ककर माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार घाटी के अन्य हिस्सों में भी रात के समय हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है, हालांकि दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।अन्य प्रमुख स्टेशनों में काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री, कुपवाड़ा में माइनस 1.4 डिग्री और कोकरनाग में माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले यहां दिन का अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री, श्रीनगर में 14.9 डिग्री और पहलगाम में 15.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई। दूसरी ओर जम्मू संभाग में भद्रवाह 2.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 28 से 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 1 से 3 दिसंबर तक भी मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, हालांकि 3 दिसंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव 4 दिसंबर से देखने को मिलेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 6 दिसंबर और फिर 7 से 8 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इस अवधि में मैदानी इलाकों के छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान के मद्देनजर विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। विभाग के अनुसार, 3 दिसंबर तक कश्मीर संभाग के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्यतः ठंडा और शुष्क रहेगा। इसके बाद 4 से 6 दिसंबर और 7 से 8 दिसंबर के बीच ऊंचाई वाले इलाकों और प्रमुख दर्रों की सड़कों पर होने वाली हल्की से मध्यम बर्फबारी के कारण यातायात की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी है कि वे इस अवधि के दौरान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।